कैफीन से नींद क्यों उड़ जाती है?
कैफीन से नींद क्यों उड़ जाती है?
👉 जब भी किसी व्यक्ति को नींद आती है, तो वह गरम-गरम कॉफी पीकर अपनी नींद भगाने का प्रयास करता है। उसका यह प्रयास सफल भी रहता है। आइए जानें कि कॉफी पीने से नींद क्यों उड़ जाती है। जब भी कोई व्यक्ति कैफीन युक्त कॉफी पीता है, तो उसके शरीर में कैफीन के कारण तीन तरह की रासायनिक क्रियाएं होती हैं, जिनके कारण शरीर का ऊर्जा स्तर बढ़ जाता है।
1. कैफीन एड्रेनलिन हार्मोन की मात्रा शरीर में बढ़ाती है।
2. यह शरीर में डोपामाइन का स्तर भी बढ़ाती है। डोपामाइन एक न्यूरोट्रांसमीटर होता है,
जो दिमाग के खुशी देने वाले हिस्से को संचालित करता है।
3. यह नर्व कोशिकाओं का एडेनोसिन से संबंध बाधित कर देती है।
एडेनोसिन वह रसायन है, जिसके कारण व्यक्ति उनींदा हो जाता है और उसकी नर्व कोशिका की गतिविधियां धीमी होने लगती हैं। इन तीनों रासायनिक प्रक्रियाओं के कारण शरीर में नर्व कोशिकाओं की गतिविधियां बढ़ जाती हैं, जिससे हम सतर्क और अति सक्रिय हो जाते हैं। इससे व्यक्ति की नींद दूर हो जाती है और वह अपने को एक बार फिर तरोताजा महसूस करने लगता है। चूंकि कैफीन व्यक्ति को आदी भी बनाती है, इसलिए दुनिया भर में कैफीन का उपयोग बढ़ रहा है। अब तो शीतल पेय पदार्थों की बिक्री बढ़ाने के लिए इनमें भी कैफीन मिलाया जाने लगा है।